बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित बहुउद्देशीय लोहिया भवन परिसर में मतदान से जुड़े कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान 2724 के सापेक्ष 39 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इनके विरुद्ध प्रशासन ने केस दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रथम चरण में जहांगीरगंज, बसखारी व रामनगर तथा दूसरे चरण में भीटी व कटेहरी विकास खंड में होने वाले पंचायत चुनावों को शांतिपूर्वक होने के बाद अब तीसरे चरण में अकबरपुर व टांडा ब्लाक में होने वाले चुनाव को निपटाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दिया है।
बुधवार को लोहिया भवन परिसर में तीसरे चरण के मतदान से जुड़े पीठासीन अधिकारी, मतदान प्रथम, द्वितीय व तृतीय अधिकारियों को मतदान से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। सीडीओ डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में प्रशिक्षक युवा कल्याण अधिकारी जेपी सिंह, बीडीओ राजकुमार त्रिपाठी व प्रवीण द्विवेदी ने मतदान से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं।
उन्हें पर्ची मिलाने से लेकर बैलेट पेपर मोडने तक की जानकारी दी गई। सीडीओ डा. अख्तर ने कहा कि सभी को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी के साथ निभानी होगी। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदान के समय यदि कोई किसी प्रकार का दबाव बनाता है या फिर मतदान में बाधा उत्पन्न करता है, तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।
परियोजना निदेशक उमाकांत त्रिपाठी ने बताया कि कुल 2685 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कुल 39 कर्मी अनुपस्थित रहे। बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। यदि जवाब संतोषजनक नहीं रहा, तो संबंधित के विरुद्ध केस दर्ज कराया जाएगा।