जलालपुर (अंबेडकरनगर)। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित होने के वाले कई लाभार्थी रकम लेकर डकार चुके हैं, लेकिन आज तक आवास पूरा नहीं करा पाए हैं। ऐसे लाभार्थियों का चिह्नांकन कर नोटिसे भी जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी इन लोगों ने निर्माण कराना जरूरी नहीं समझा। अब विभाग की ओर से कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
जलालपुर ब्लॉक सभागार में सोमवार को परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल सिंह ने जलालपुर और भियांव ब्लॉक के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास की प्रगति की समीक्षा की। जलालपुर में 7171 आवास लाभार्थियों का चयन हुआ था, इसके मुकाबले 7141 का सत्यापन हुआ था। 7169 को पहली किस्त व 6386 को दूसरी व 6323 को तीसरी किस्त जारी की गई। इनमें से 94 लाभार्थी ऐसे हैं जो आवास का निर्माण संबंधित किस्त के मुकाबले निर्माण पूर्ण नहीं कराए हैं। वर्ष 2021-22 से लेकर 2024-25 तक आठ लाभार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने धनराशि लेने के बावजूद आज तक आवास में रुपया नहीं लगाया है।
इनमें बैरागल की आशा देवी, संगीता देवी, कैथा के शैलेंद्र, नत्थूपुर लौधना की गिरिजा देवी, आरती देवी, बीबीपुर भुसौली की अनीता देवी, महेशपुर नेमपुर की रीमा कुमारी, संटिकरी के संजय सिंह शामिल हैं। वहीं भियांव ब्लॉक में 8950 आवास के मुकाबले 8948 सत्यापित हुए थे। 8946 को पहली किस्त, 8921 को दूसरी और 8881 को तीसरी किस्त भेजी गई थी। 66 आवास अभी भी अपूर्ण हैं। इनमें क्षेत्र के के ओढ़रपुर की संगीता दूवे, बैरमा के कृष्ण नारायण, गुलाबी देवी, गोविंदपुर के ओमप्रकाश, खानपुर हुसैनाबाद की सिंगारी देवी, माधौपुर के रामविलास, निमिटिनी की लीलावती देवी और बैरगा की अकाला देवी ने आवास नहीं बनवाए हैं।
पीडी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि इन सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए और आवास के लिए भेजी गई रकम की रिकवरी कराई जाए। पीडी अनिल सिंह ने बताया कि इन सभी लाभार्थियों पर सरकारी धन का दुरुपयोग मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए दोनों ब्लॉकों के बीडीओ को निर्देश दे दिए गए हैं।