भीटी (अंबेडकरनगर)। ट्रक की चपेट में आने से युवक की हुई मौत में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज किया है। भीटी थाना क्षेत्र के इटवा निवासी 32 वर्षीय मनोज कुमार सिंह बीते 18 दिसंबर की शाम पांच दोस्तों के साथ कार से अकबरपुर जा रहे थे। टांडा बांदा हाईवे स्थित महरुआ पेट्रोल पंप के पास रुककर चार लोग लघुशंका के लिए चले गए, जबकि मनोज कार में ही बैठे रहे। इसी बीच सामने से आई तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। दूसरे दिन इलाज के दौरान वहां मनोज की मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज किया गया है।