टांडा (अंबेडकरनगर)। एक समूह संचालक युवती के साथ दुष्कर्म करने व समूह का धन लूटने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना लगभग तीन सप्ताह पहले की है। युवती को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। थाने में दी तहरीर में युवती का आरोप है कि आसोपुर निवासी सेवाराम उसे डरा धमकाकर कई बार पैसा छीन चुका है। धमकी देकर उसका यौन शोषण भी कर रहा था। उसने कई बार उसके माता पिता को भी धमकी दी। उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए उसने उसका वीडियो भी बना लिया और उसे ब्लैकमेल कर रहा है। इसकी शिकायत उसने आरोपी के भाई मयाराम से की, लेकिन इसके बावजूद उसके रवैये में कोई बदलाव नहीं हुआ।
आरोपी ने कई बार में उससे समूह का 18 लाख रुपये व 75 ग्राम सोने के जेवरात भी ले लिए। समूह का पैसा जमा करने के लिए उसे अपना घर बेचना पड़ा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।