बसखारी (अंबेडकरनगर)। स्थानीय बाजार में जलालपुर रोड पर बगैर पंजीयन के संचालित बसखारी डायग्नोस्टिक सेंटर की संचालिका के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। एक दिन पहले एसडीएम टांडा दीपक वर्मा ने शिकायत के आधार पर संबंधित सेंटर पर छापा मारा था। मौके पर मौजूद कर्मचारी सेंटर के पंजीयन का कोई प्रपत्र नहीं दिखा सके थे।
एसडीएम ने डायग्नोस्टिक सेंटर पर मौजूद अल्ट्रासाउंड मशीन, प्रिंटर, यूपीएस, कंप्यूटर, लेजर प्रिंटर व नौ मरीजों की रसीद बरामद की थी। सभी उपकरणों को डायग्नोस्टिक सेंटर में रखकर सील कर दिया गया था। इसके बाद सीएचसी अधीक्षक मार्कंडेय प्रसाद ने डायग्नोस्टिक सेंटर की संचालिका के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत करवाया है। प्रभारी निरीक्षक अश्विनी मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।