पता चला कि एआरओ के सहायक के लिए तैनात कर्मचारी गायब है। इस पर सीडीओ ने बीडीओ को दोषी कर्मचारी के विरुद्घ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। बीडीओ की तहरीर पर बगैर सूचना के अनुपस्थित सहायक के विरुद्घ बसखारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
मालूम हो कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए चुनाव ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए थे। इसमें कहा गया था कि विषम परिस्थितियों में लिखित सूचना पर ही चुनाव में लगे कर्मचारियों को छुट्टी मिलेगी।
प्रथम चरण में बसखारी, जहांगीरगंज व रामनगर में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को चुनाव कार्यों की जांच को सीडीओ डॉ मन्नान अख्तर बसखारी ब्लॉक पहुंचे। यहां पर सभी कर्मचारी थे। एआरओ बनाए गए जिला कृषि अधिकारी सुभाषचन्द्र वहां मौजूद थे।
रजिस्टर चेक किया गया तो पता चला कि एआरओ के सहायक बनाए गए तकनीकी सहायक आलोक रंजन अनुपस्थित है। जानकारी की गई तो पता चला कि वह बगैर किसी सूचना के अवकाश पर है।
सीडीओ ने चुनाव कार्य में लापरवाही मानते हुए आरोपी कर्मचारी के विरुद्घ बीडीओ कुंजूराम को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। बीडीओ की तहरीर पर बसखारी पुलिस ने कर्मचारी आलोक रंजन के विरुद्घ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि मामले में की जांच-पड़ताल शुरू है।