अंबेडकरनगर। अकबरपुर तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने चार नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। इस बीच लेखपाल संघ जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। नाराजगी जताते हुए आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की गई।
अकबरपुर तहसील में तैनात लेखपाल रूपेश यादव पर शनिवार देर शाम कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर की शिक्षक कॉलोनी के निकट उस समय जानलेवा हमला हुआ था जब वह बाइक से घर जा रहे थे। आसपास के लोगों के पहुंचने पर हमलावर वहां से भाग निकले थे। मारपीट में रूपेश को गंभीर चोटें आईं जिससे वह बेहोश हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल में बाद में भर्ती कराया गया।
इस बीच पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर राजेश दुबे व उनके दो पुत्रों, निवासी सरखने किशुनीपुर थाना महरुआ, अर्पित पांडेय, शुभम तिवारी निवासी शिक्षक कॉलोनी कोतवाली अकबरपुर के अलावा 15 अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में छानबीन शुरू कर दी गई है।
उधर रविवार को लेखपाल संघ जिलाध्यक्ष अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम सदर से मुलाकात की। ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जिस तरह राजस्वकर्मी पर जानलेवा हमला हुआ है, वह अत्यंत गंभीर मामला है। इसे देखते हुए आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि रविवार को गिरफ्तार नहीं हुई तो सोमवार से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।