आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में समाज कल्याण मंत्री व जलालपुर सपा प्रत्याशी शंखलाल मांझी तथा कटेहरी विधानसभा सीट से पीस व निषाद पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी अजय सिंह सिपाही के विरुद्ध अलग-अलग थानों में केस दर्ज हुआ है। मंत्री मांझी पर बिना अनुमति जनसभा करने व अजय पर बिना मुद्रक के पोस्टर बैनर लगवाने का आरोप है।
जलालपुर से सपा प्रत्याशी बनाए गए समाज कल्याण मंत्री शंखलाल मांझी गुरुवार दिन में जलालपुर विस क्षेत्र के हजपुरा में बिना अनुमति के सभा कर रहे थे। अधिकारियों से किसी ने इसकी शिकायत कर दी। फ्लाइंग स्क्वॉयड मौके पर पहुंचा तो वहां सभा होती मिली।
अनुमति का कोई कागज मौके पर लोग नहीं दिखा पाए। इस पर फ्लाइंग स्क्वॉयड प्रभारी ने सम्मनपुर थाने पहुंचकर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने को तहरीर दी। उधर कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के चंदरियावां गांव में गुरुवार को पीस व निषाद पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी अजय सिंह सिपाही के समर्थन में पोस्टर व बैनर लगाए जा रहे थे। पोस्टर में मुद्रक का नाम नहीं था।
इसकी शिकायत भी अधिकारियों से हुई। इस पर फ्लाइंग स्क्वॉयड प्रभारी वैश मोहम्मद ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर व बैनर अभिरक्षा में ले लिया। इसके बाद थाने पहुंचकर अजय के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज कराया। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने अहिरौली व सम्मनपुर थाने में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज होने की पुष्टि की है।