भीटी। भूमि पैमाइश करने गई राजस्व टीम के साथ अभद्रता व अभिलेख छीनने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध केस दर्ज किया है। मामला अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मिझौड़ा गांव का है। गांव निवासी शमशेर ने बीते दिनों गांव स्थित बंजर भूमि तथा खतौनी भूमि का सीमांकन कराने के लिए एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया था। एसडीएम भूमिका यादव ने कानूनगो के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम गठित कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया था। इस बीच एक दिन पूर्व रविवार को एसडीएम के आदेश का पालन कराने के लिए कानूनगो यमुना प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में लेखपाल मोहम्मद सलीम, संदीप गुप्त व मनोज आदि मिझौड़ा गांव पहुंचे।
भूखंड पर राजस्व कर्मचारियों को देख आरोपी हकीकुल्लाह भड़क गया और वाद विवाद शुरू कर दिया। आरोप के अनुसार जब राजस्व कर्मियों ने अभद्रता का विरोध किया तो आरोपी गाली गलौज देते हुए हाथापाई पर उतर आया। आरोपी ने राजस्व कर्मियों से पैसे व अभिलेख भी छीनने का प्रयास किया। इससे मौके पर हड़कंप मच गया। मामला बढ़ता देख इर्द गिर्द के ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह से मामला शांत कराया। विवाद के चलते टीम को बगैर पैमाइश किए ही वापस लौटना पड़ा। बाद में लेखपाल मोहम्मद सलीम ने थाने पहुंच आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। घटना का वीडियो क्लिप भी पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सरकारी काम में बाधा, हाथापाई, गाली गलौज व धमकी आदि की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।