अंबेडकरनगर। हंसवर क्षेत्र के पुराचौबे गांव निवासी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणजीत पासवान के साथ बुधवार शाम सोनहन के पास स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस केस दर्ज करने में देरी से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को थाने में जमकर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र गौतम व आजाद समाज पार्टी के उपाध्यक्ष अजय राणा व दो अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित रणजीत पासवान के अनुसार, बुधवार शाम वह हीरापुर बाजार जा रहा था, तभी रास्ते में सफेद रंग की हूटर लगी स्कॉर्पियो आकर रुकी। गाड़ी से आजाद समाज पार्टी के जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र गौतम, पार्टी के जिला अध्यक्ष अजय राणा और दो अन्य लोग उतरे और गाड़ी से उतरते ही उसका कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में रणजीत पासवान को चोटें आईं जिसे उपचार के लिए सीएचसी बसखारी भेजा गया।
रणजीत पासवान के समर्थक व भाजपा कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज न होने पर नाराजगी जाहिर की। कुछ कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में टाट-पट्टी बिछाकर धरना देने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर केस दर्ज किया गया है। पीड़ित को बसखारी सीएचसी भेजा है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इससे पहले पूर्व डीडीसी रणजीत पासवान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय राणा ने हंसवर थाने में बुधवार शाम शिकायत की थी। इसपर पुलिस ने आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है। पूरा प्रकरण इसी के इर्द-गिर्द होना बताया जा रहा है।