टांडा। पावर कॉर्पोरेशन की विजिलेंस टीम की मोहल्ला मुबारकपुर व नैपुरा में चेकिंग का विरोध करने के मामले में एसडीएम की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने छह बुनकर नेताओं व 500 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने पर बुनकरों में आक्रोश है। वहीं आरोप है कि घर में घुस कर महिला के साथ अभद्रता करने की तहरीर पर पुलिस ने अब तक केस दर्ज नहीं किया है।
घटनाक्रम के अनुसार बीती 7 जुलाई को मोहल्ला मुबारकपुर में विजिलेंस टीम के साथ एसडीओ अधिकारी मुकेश कुमार, अवर अभियंता अशोक कुमार, दिनेश कुमार व संविदा कर्मचारियों के साथ चेकिंग करने गए थे। आरोप है कि टीम की चेकिंग अभियान का बुनकर विरोध करने लगे और टीम के साथ अभद्रता की गई। इसके बाद 8 जुलाई को मोहल्ला नैपुरा में एसडीओ अनमोल सिंह व अवर अभियंता रविशंकर निषाद विद्युत कनेक्शन की जांच कर रहे थे। आरोप है कि इसे लेकर बुनकर नेता सभासद अब्दुल मजीद, खालिद मियां, कासिम अंसारी 500 लोगों की भीड़ के साथ चेकिंग रोकने की मांग करने लगे।
कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की कर मारपीट पर आमादा हो गए। नैपुरा में चेकिंग के दौरान दस्तगीर आलम ने 25 लोगों के साथ आकर जांच का विरोध किया। दस्तगीर आलम व उनके साथ आए लोग मारपीट पर आमादा हो गए। इसी मामले में पुलिस ने उपखंड अधिकारी की तहरीर पर घटना के 8 दिन बाद छह लोगों को नामजद व 500 अज्ञात के विरुद्घ केस दर्ज कराया है। दूसरी ओर मुबारकपुर के बुनकर परिवार की महिला के साथ घर में घुस कर विद्युतकर्मियों द्वारा गाली गलौज व अभद्रता करने की तहरीर भी पुलिस को दी गई थी, परंतु पुलिस द्वारा केस दर्ज नही किया गया है। इससे बुनकरों में आक्रोश है।