जलालपुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र मालीपुर के मालीपुर बाजार मेंं तीन माह पूर्व कोचिंग में बैठने को लेकर छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दोनों तरफ से नौ नामजद व दस अज्ञात के खिलाफ मारपीट व लूट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
जफरपुर निवासी छात्र रूपेश की तहरीर पर पुलिस ने अलग-अलग गांव निवासी छह नामजद व पांच अज्ञात छात्रों के खिलाफ मारपीट सहित एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज किया है, जबकि रुकुनपुर निवासी घायल छात्र की मां सुमन की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद व पांच अज्ञात छात्रों के खिलाफ मारपीट व लूट की धाराओं में केस दर्ज किया है। इस घटना में शामिल सभी आरोपी नाबालिग हैं। दोनों तरफ से कोर्ट में दाखिल प्रार्थना पत्र में कहा गया कि घटना को लेकर मालीपुर पुलिस से शिकायत की गई थी। लेकिन उसका संज्ञान नहीं लिया गया। ऐसे में मजबूर होकर न्याय के लिए कोर्ट की शरण लेनी पड़ी है। दोनों पक्षों के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने मालीपुर पुलिस को केस दर्ज कर समुचित विवेचना का निर्देश दिया था।
थानाध्यक्ष प्रेमचंद्र ने बताया कि विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट के निर्देश पर केस दर्ज हुआ है। केस दर्ज कर विवेचना शुरू कराई गई है।