खैराबाद (सीतापुर)। दरी उद्योग से जुड़े सीतापुर के कारीगरों और उद्यमियों के लिए अच्छी खबर है। ग्रेटर नोएडा में चल र हेयूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ने इस क्षेत्र के दरी उद्योग को मंदी से उबारने की नई उम्मीद दी है। रूस की भागीदारी में आयोजित इस मेगा इवेंट में 80 देशों से 152 विदेशी व्यापारी शामिल हुए हैं, जिन्होंने सीतापुर की हथकरघा दरी में गहरी रुचि दिखाई है।
ट्रेड शो में सीतापुर के सात स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें पांच स्टॉल दरी उद्योग से जुड़े हैं। विदेशी व्यापारियों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया और पसंद किए जा रहे दरी के सैंपल उद्योग के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की शुरुआत 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में की गई थी। यह पांच दिवसीय आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा। रूस को इस बार का पार्टनर देश बनाया गया है। उपायुक्त उद्योग संजय सिंह ने बताया कि सीतापुर से शामिल हुए स्टॉलों पर व्यापारियों की खासी भीड़ देखी जा रही है। विशेष रूप से दरी स्टॉलों पर विदेशी खरीदारों का रुझान काफी उत्साहजनक है।
दरी उद्यमियों को मिली राहत की सांस
शुभम मिश्रा, (स्टैलियन होम फैशन) का कहना है कि ट्रेड शो में यूरोपीय देशों से आए व्यापारियों ने दरी के सैंपल में रुचि दिखाई है। नए ऑर्डर मिलने की पूरी उम्मीद है। यह हमारे लिए बड़ी राहत है। वहीं हाफिज अकरम (हाफिजा आर्ट एंड क्राफ्ट) ने कहा कि विदेशी व्यापारियों से मिल रहा पॉजिटिव रिस्पांस हमारे लिए बहुत अहम है। यदि पर्याप्त ऑर्डर मिलते हैं तो दरी उद्योग को दोबारा रफ्तार मिल सकती है।
ट्रेड शो में शामिल सीतापुर के दरी स्टॉल
नोएडा में चल रहे ट्रेड शो में सीतापुर के सात स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें दरी के अमन हैंडलूम, अलीशा दरी उद्योग, स्टैलियन होम फैशन, हाफिजा आर्ट एंड क्राफ्ट, फरसी रग्स, इसके अतिरिक्त, विंटेज विलेज और जय मां पूर्णागिरि फूड प्रोडक्ट्स के स्टॉल भी लगाए गए हैं।
नए बाजार, नए मौके
मंदी की मार झेल रहे दरी उद्योग को नए बाजारों तक पहुंच और निर्यात के अवसर इस शो के ज़रिए मिल सकते हैं। स्थानीय कारीगरों को जहां बेहतर दाम मिलने की संभावना है, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीतापुर की दरी को ब्रांड पहचान मिल सकती है।