टांडा (अंबेडकरनगर)। विश्व प्रसिद्ध दरगाह किछौछा जा रही कार पुंथर के घास लदे ठेले को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। शनिवार सुबह हुई दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि मामूली रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
कानपुर से शनिवार को विश्व प्रसिद्ध दरगाह किछौछा कार से कुछ जायरीन जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वे टांडा कोतवाली क्षेत्र के पुंथर के निकट पहुंचे, तभी घास लदा ठेला अचानक सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इससे मौके पर चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार में सवार दो लोगों को तो मामूली चोटें आईं, जबकि अशरफाबाद कानपुर निवासी कौसर (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।