जलालपुर (अंबेडकरनगर)। प्राथमिक विद्यालय धौरूआ तृतीय में शनिवार को न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के दर्जनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
उच्च प्राथमिक स्तर पर बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में महेशपुर के रवि ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में देवरहा हुसैनपुर की शिवांजलि ने बाजी मारी। 400 मीटर दौड़ में महेशपुर के प्रवीन और हिमांशी (देवरहा हुसैनपुर) अव्वल रहे। 200 मीटर दौड़ में बालक वर्ग के राजवीर (महेशपुर) और बालिका वर्ग की पायल (बीबीपुर भुसौली) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता में भी बालक वर्ग में महेशपुर और बालिका वर्ग में देवरहा हुसैनपुर की टीमों ने अपना दबदबा बनाए रखा। प्राथमिक स्तर पर 400 मीटर और 200 मीटर दौड़ में बाहापुर के विकास तथा ठट्टा की अर्पिता ने लगातार जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में महेशपुर के उत्कर्ष और ठट्टा की अर्पिता, जबकि 50 मीटर दौड़ में महेशपुर के अजीतराज और देवरहा हुसैनपुर की सेजल विजेता बनीं। खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन सेवानिवृत्त शिक्षक व साहित्यकार अनिल यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक रूद्रमणि त्रिपाठी, प्रतीक तिवारी, रवींद्र कुमार, प्रियंका पाल उपस्थित रहीं। (संवाद)