सोशल आॅडिट सदस्य का साक्षात्कार देने आए कई अभ्यर्थी महानगरों की संख्या नहीं बता सके, जबकि अभ्यर्थियों ने जिले में तहसीलों की कुल संख्या 15 बताई। शुक्रवार को विकास भवन में भीटी विकास खंड से सोशल आॅडिट सदस्य के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ।
60 पदों के सापेक्ष कुल 223 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार कर दिया। साक्षात्कार ले रही टीम के कई सरल सवालों का जवाब देने में अभ्यर्थी हिचकते दिखे। कई अभ्यर्थी अपने नाम की पर्यायवाची नहीं बता सके तो कई ऐसे भी अभ्यर्थी जिन्हें अपने ब्लाॅक के खंड विकास अधिकारी का नाम ही नहीं पता था।
ऐसे भी अभ्यर्थी जिन्हें अपने कार्यों के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी। एक अभ्यर्थी ने जिले की पांच तहसीलों के सापेक्ष बताया कि 15 तहसील है, तो वहीं एक अभ्यर्थी ने प्रदेश में जिले की कुल संख्या 83 बता डाली। भूगोल विषय से बीए पास अभ्यर्थी ने बताया कि हिमालय पर्वत श्रेणी की सबसे ऊंची चोटी हिंद महासागर है।
एक अभ्यर्थी को बीए के अपने तीन विषय में से ठीक से सभी विषय के नाम ही नहीं पता थे। जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र ने बताया कि विकासखंड वार सोशल आडिट सदस्य पद के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हो रहा है। शुक्रवार को भीटी ब्लाक के 60 पदों के सापेक्ष 223 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ।