अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा माह के तहत मंगलवार को एसपी के नेतृत्व में पुलिस व यातायात टीम ने वृहद अभियान चलाया। एसपी अजीत कुमार सिन्हा के नेतृत्व में टीम शहजादपुर लोहिया चौक से पैदल ही अकबरपुर पुराने तहसील तिराहे से होते हुए रोडवेज तक गई। इस दौरान 350 से अधिक बगैर हेलमेट के बाइक चलाने वाले व बगैर सीट बेल्ट के कार चलाने वालों का चालान काटा गया।
एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने सभी से आह्वान किया कि सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करें। मार्ग हादसों को रोकने के लिए ही सड़क के किनारे यातायात संकेत बनाए जाते हैं।
साथ ही पुलिस टीम समय समय पर अभियान चलाकर जागरूक करने के साथ ही जुर्माना भी लगाती है। ऐसे में में आम नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वह पुलिस कार्रवाई व मार्ग हादसों से बचनें के लिए नियमों का गंभीरता से पालन करें।
शहजादपुर लोहिया चौक से एसपी पुलिस टीम के साथ पुराने तहसील तिराहा से टांडा रोड ओवरब्रिज होते हुए रोडवेज तक गए। एसपी के नेतृत्व में चले जागरूकता व कार्रवाई अभियान से नियमों की अनदेखी कर बाइक व वाहन चला रहे लोगों में हड़कंप का माहौल दिखा।