आधार कार्ड के बढ़ते महत्व के बीच बीते दिनों शासन ने परिषदीय विद्यालयों में अध्यनरत छात्र छात्राओं के आधार कार्ड बनवाए जाने का निर्देश दिया था। योजना के तहत 31 अगस्त तक सभी परिषदीय विद्यालयों में कैंप लगाया जाना है।
इन कैंपों के माध्यम से ही आधार कार्ड बनाए जाएंगे, जिसका लाभ बाद में छात्र छात्राओं को विभिन्न योजनाओं के रूप में मिलेगा। जिले में 2 हजार 22 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं, जिनमें सवा दो लाख से अधिक छात्र छात्राएं अध्यनरत हैं।
इन सभी छात्र छात्राओं को आधार कार्ड का लाभ उपलब्ध कराने के लिए ही राज्य सरकार ने यह महत्वपूर्ण योजना लागू कर रखी है। यह बात अलग है कि अभी जिले में योजना को लेकर कोई खास गतिविधि सामने नहीं आ सकी है। अभिभावकों के बीच तो शासन के इस निर्णय को लेकर उत्सुकत का माहौल है, लेकिन विभाग में इसे लेकर अभी सुस्ती ही पसरी हुई है।
अभिभावकों में उत्साह इस बात को लेकर दिखा कि पूर्व में उन्होंने अपने जिन बच्चों का आधार कार्ड नहीं बनवाया था, उनका आधार कार्ड अब विद्यालय में ही आसानी से बन सकेगा।
यह बात अलग है कि ऐसे अभिभावकों की उम्मीदों के अनुरूप अब तक किसी भी विद्यालय में आधार कार्ड बनाए जाने का काम शुरू नहीं हो सका है। जाहिर तौर पर अभियान के समाप्त होने की तिथि नजदीक आने पर जो आपाधापी मचेगी, उससे छात्र छात्राओं को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। विभाग को इन सब की कोई परवाह शायद नहीं दिखती।