अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और कड़ी की जा रही है। 55 सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। अमृत भारत प्रोजेक्ट के तहत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाए जाने के लिए यह फैसला लिया गया है। इन कैमरों से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और रेल सुरक्षा बल अधिकारियों को सहायता मिलेगी।
स्टेशन पर प्रतिदिन डेढ़ हजार के करीब यात्रियों का आना-जाना रहता है। ऐसे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए अतिरिक्त निगरानी की आवश्यकता रहती है। यहां से दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, कोलकाता, बिहार सहित कई प्रमुख स्थानों के लिए 33 जोड़ी अप-डाउन ट्रेनें संचालित होती हैं।
वर्तमान में आरपीएफ और जीआरपी के भरोसे ही पूरे स्टेशन की जिम्मेदारी है, लेकिन कैमरे न होने की वजह से स्टेशन की पर्याप्त निगरानी नहीं हो पाती है। संदिग्ध यात्रियों पर नजर रखना मुश्किल था, जिससे चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। अब इन कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि रिकॉर्ड की जाएगी, जिससे चोरी की घटनाओं और अराजक तत्वों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। इसके तहत रेलवे प्रतीक्षालय, बुकिंग हाॅल, आरक्षण हाॅल, तीन प्लेटफाॅर्म, मुख्य द्वार, अधीक्षक कार्यालय, कंट्रोल रूम और ओवर ब्रिज के साथ महत्वपूर्ण स्थानों पर उच्च क्षमता के कैमरे लगाए जा रहे हैं। यह कैमरे एचडी वीडियो रिकॉर्ड करेंगे।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि 55 सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर काम शुरू हो गया है। सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए सामान पहुंच गया है। टेलीकॉम कंपनी की ओर से यह कैमरे लगाए जा रहे हैं।