जलालपुर। रामगढ़ रोड स्थित भारत बस सर्विस के कार्यालय के समक्ष खड़ी बस में शनिवार की शाम अचानक आग लग गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से जब तक आग पर काबू पाया, तब तक पूरी बस जल गई।
भारत बस सर्विस की आधा दर्जन बसें जलालपुर से लखनऊ के लिए चलती हैं। कोरोना संकट के चलते ज्यादातर बसें रामगढ़ रोड स्थित कार्यालय के समक्ष खड़ी रहती हैं। शनिवार शाम को भी कुछ बसें खड़ी हुई थीं। इसी बीच एक बस में अचानक आग लग गई। लपटें उठती देख मौके पर अफरातफरी मच गई। कार्यालय में बैठे बस मालिक राजा व अन्य लोग बाहर निकले, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए।
चीख पुकार पर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आग को काबू करने का प्रयास शुरू कर दिया। इस बीच सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने नागरिकों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी जल गई। राजा ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं है।