अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के हरदिहा गांव में रविवार दोपहर अचानक छप्पर में आग लग गई। आग उस समय लगी, जब भूमि विवाद की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में विपक्षियों ने आग लगाई है। पुलिस कार्रवाई करने की बजाए मूकदर्शक बनी रही। मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
हरदिहा गांव निवासी पिंटू गौड़ व रामबूझ तिवारी के बीच एक भूखंड को लेकर विवाद है। एक दिन पहले मामले की शिकायत रामबूझ ने थाने में की थी। इस पर रविवार दोपहर पुलिस टीम गांव पहुंची। बताया जाता है कि इसी बीच पिंटू के घर के सामने छप्पर में आग लग गई। गुहार पर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
पिंटू ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में रामबूझ ने आग लगाई है। मगर पुलिस कार्रवाई करने की बजाए मूकदर्शक बनी रही। इस संबंध में रविवार को एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें दिख रहा था कि छप्पर में आग लगी है और पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं। उधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ जगदीशलाल टमटा ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।