बसखारी (अंबेडकरनगर)। अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को बसखारी बाजार में बुलडोजर गरज उठा। लगभग 80 स्थायी व अस्थायी कब्जे हटाए गए। कार्रवाई के भय से कुछ लोगों ने तो खुद ही अतिक्रमण हटा लिया।अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रही।
बसखारी चौराहा व आसपास के क्षेत्र में जाम का सबब बन रहे स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण पर गुरुवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने बीते दिनों बसखारी में सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था। इसका असर अब हुआ है।
बसखारी चौराहे से आजमगढ़ मार्ग, किछौछा मार्ग, टांडा मार्ग व अकबरपुर मार्ग पर लगभग दो सौ मीटर क्षेत्र में सुबह 10 बजे से अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत किछौछा मनोज कुमार सिंह व एसओ बसखारी अश्विनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में कर्मचारियों व पुलिस की टीम बुलडोजर लेकर लेकर चौराहे पर पहुंच गई।
थोड़ी ही देर में बुलडोजर ने गरजना शुरू कर दिया। एक के बाद एक अतिक्रमण को हटाया जाने लगा। स्थायी व अस्थायी दोनों तरह के अतिक्रमण हटाए गए। अभियान में सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों व नागरिकों ने खुद ही अपने-अपने कब्जे हटाने शुरू कर दिए।
दोपहर लगभग डेढ़ बजे तक चले अभियान के बीच करीब 80 स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण हटा दिए गए। इसमें 25 स्थायी अतिक्रमण शामिल थे। उधर अधिशाषी अधिकारी मनोज ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। एसओ बसखारी भारी दल-बल के साथ लगातार अभियान के दौरान मौजूद रहे। इस दौरान लोगों से अपील भी की जाती रही कि अभियान में प्रशासन का सहयोग करें। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का ही नतीजा रहा कि किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण करने वाले लोग प्रशासन से अतिक्रमण न हटाए जाने की विनती करते रहे। उनका कहना था कि आज छोड़ दें। आगामी दिनों में वे स्वयं ही इसे हटा लेंगे। हालांकि तमाम अनुनय-विनय के बावजूद अतिक्रमण पर बुलडोजर चलता रहा। अधिकारियों का कहना था कि उन्हें पहले ही बता दिया गया था। अब कोई मोहलत नहीं दी जाएगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच जिन 25 स्थायी अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चला, उनसे जुड़े लोगों पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिशाषी अधिकारी मनोज ने बताया कि संबंधित लोगों को अविलंब जुर्माना जमा करने का नोटिस जारी किया गया है। यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही जुर्माने की रकम नहीं जमा की गई तो अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा।