फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बजट ने दिया जनधन खाताधारक सवा लाख महिलाओं को तोहफा

विज्ञापन
अंबेडकरनगर के शास्त्रीनगर कोलोनी में एक परिवार की महिला सदस्य बजट को लेकर चर्चा करतीं महिला - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। केंद्र सरकार के आम बजट ने जिले की करीब सवा लाख महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। जनधन खाते से जुड़ी ऐसी महिलाओं को सरकार ने पांच हजार रुपये के ओवर ड्राफ्ट की सुविधा प्रदान की है। इसके साथ ही महिलाओं को एक लाख रुपये तक के मुद्रा लोन की सुविधा भी दी जा रही है। उधर, टैक्स स्लैब में छूट न मिलने से कर्मचारियों में जहां निराशा देखने को मिली, वहीं पेट्रोल व डीजल पर एक-एक रुपये का अतिरिक्त सेस लगाने से महंगाई बढ़ने की आशंका लोगों ने जताई है। छोटे कारोबारी व दुकानदारों ने पेंशन देने की घोषणा का स्वागत किया है।
विज्ञापन

शुक्रवार को केंद्र सरकार का आम बजट सामने आते ही मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। हालांकि, इस बजट का बड़ा लाभ महिलाओं के खाते में गया है। सरकार ने जनधन खाताधारक महिलाओं को पांच हजार रुपये तक के ओवर ड्राफ्ट की सुविधा प्रदान की है। जिले के विभिन्न बैंकों में सभी तरह के करीब 25 लाख खाते हैं। इनमें से जनधन योजना के तहत करीब सवा लाख महिला खाताधारक हैं। एलडीएम केके पांडेय ने बताया कि सवा लाख महिलाएं जनधन खाते से जुड़ी हुई हैं।
इस बीच केंद्र सरकार द्वारा इन महिलाओं को ओवर ड्राफ्ट की सुविधा प्रदान किए जाने का सीधा लाभ मिल सकेगा। जनधन खाते से जुड़ी महिलाओं ने इसका स्वागत किया है। जलालपुर की नफीसा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय स्वागत योग्य है। इसका महिला उत्थान में व्यापक लाभ मिलेगा। अकबरपुर की फूलकुमारी ने कहा कि सरकार ने महिलाओं को इस प्रकार का तोहफा देकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। महिला सशक्तीकरण को लेकर जो अभियान चल रहा है, उसमें यह मील का पत्थर साबित होगा। गृहणी किरन ने कहा कि सरकार को महंगाई कम करने के लिए बेहतर इंतजाम सामने लाने चाहिए थे। युवा रितेश व शुभम का कहना था कि युवाओं को रोजगार देने के मामले में सरकार से जो उम्मीद थी, उसे पूरा करने की तरफ ध्यान देना चाहिए था।
विज्ञापन

उधर, टैक्स स्लैब में छूट न मिलने से कर्मचारियों में निराशा है। कर्मचारी अर्जुन कुमार व सुशील ने कहा कि उन्हें बड़ी उम्मीद थी कि इस बजट में कर्मचारियों का हित देखते हुए टैक्स स्लैब में छूट दी जाएगी, लेकिन बजट ने उन्हें निराश किया है। कर्मचारी अमित कुमार व धर्मेंद्र ने कहा कि कर्मचारियों के हित को देखते हुए टैक्स स्लैब में छूट दी जानी चाहिए थी। डीजल व पेट्रोल पर एक एक रुपये का सेस लगाने पर व्यापारी मोहम्मद सलीम व आनंद गुप्ता ने कहा कि इससे महंगाई में और वृद्धि होगी।
शिक्षक रवींद्र कुमार व अधिवक्ता अनुराग ने कहा कि एक एक रुपये का सेस लगने से महंगाई बढना तय है। हालांकि, छोटे दुकानदारों ने बजट में पेंशन दिए जाने की घोषणा का बढ़ चढ़कर स्वागत किया है। किराना व्यवसायी विजय कुमार, दीप गुप्ता व राजेश ने कहा कि जीएसटी ने छोटे दुकानदारों की कमर तोड़ दी थी, लेकिन पेंशन की घोषणा से उन्हें काफी हद तक राहत मिलेगी। यह स्वागत योग्य कदम है। दुकानदार रईस अहमद व विवेक ने कहा कि सरकार ने छोटे दुकानदारों का ख्याल रखा, यह स्वागत योग्य है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें