अंबेडकरनगर के शुकुल बाजार में हत्यारोपी की संपत्ति को कुर्क करने के दौरान मौजूद अधिकारी व पुलिस?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
बसखारी (अंबेडकरनगर)। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष व बसपा नेता रामचंद्र जायसवाल की हत्या के आरोपी गैंगस्टर शिवप्रकाश मौर्य की करीब तीन करोड़ की संपत्ति पुलिस ने शनिवार को कुर्क कर ली। महाविद्यालय परिसर के अंदर मौजूद भूमि को पुलिस ने कुर्क करते हुए क्षेत्र में मुनादी भी कराई। शुकुलबाजार में हुई इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा रहा। कार्रवाई के दौरान एसडीएम टांडा के अलावा सीओ सदर पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
करीब दो वर्ष पूर्व बसखारी थाना क्षेत्र के शुकुलबाजार निवासी उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष व बसपा नेता रामचंद्र जायसवाल की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि घर से भोजन करने के बाद कुछ दूर स्थित राइस मिल पर आराम कर रहे थे। इस बीच पहुंचे बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। बसपा नेता के भाई ने बसखारी थाना क्षेत्र के शिवप्रकाश मौर्य समेत कुछ अन्य के विरुद्ध हत्या करने व साजिश रचने आदि की धाराओं में केस दर्ज कराया था।
पुलिस टीम ने मामले में आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस बीच डीएम सैमुअल पॉल एन के आदेश पर पुलिस टीम ने अज्ञात स्रोत से धन अर्जित कर बनाई गई संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू कर दी। डीएम से अनुमति मिलने के बाद शनिवार को एसडीएम टांडा दीपक वर्मा व सीओ सदर अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बसखारी थाना क्षेत्र के शुकुलबाजार पहुंची।
यहां पर मरौचा निवासी गैंगस्टर अभियुक्त शिवप्रकाश मौर्य के महाविद्यालय परिसर में मौजूद करीब तीन करोड़ रुपये कीमत के चार भूखंडों को कुर्क कर लिया। पुलिस टीम ने गेट पर अपना ताला भी जड़ दिया। कुर्की की कार्रवाई करने के बाद टीम ने आसपास के क्षेत्रों में मुनादी भी करायी। इस मौके पर नायब तहसीलदार राहुल सिंह, एसओ श्रीनिवास पांडेय पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।