अंबेडकरनगर। पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा मामले में बहुजन समाज पार्टी ने अन्य दलों के मुकाबले बाजी मार ली है। पार्टी ने 41 जिला पंचायत सीटों के सापेक्ष 21 सीटों के लिए सोमवार को अपने समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिए। इसमें पूर्व मंत्री लालजी वर्मा की पत्नी शोभावती वर्मा, दिवंगत पूर्व मंत्री रामलखन वर्मा की पत्नी फूला देवी तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा वर्मा का टिकट भी शामिल है। कई अन्य कद्दावर प्रत्याशियों को इसमें स्थान मिला है।
जिले में कुल 41 सीटों पर जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव होना है। बसपा के गढ़ के तौर पर पहचाने जाने वाले अंबेडकरनगर में अभी भी पांच में से दो सीटों पर बसपा के विधायक हैं, जबकि संसदीय सीट पर भी बसपा का कब्जा है। जलालपुर विधानसभा सीट भी बसपा ने आम चुनाव में जीती थी, लेकिन बाद में हुए उप चुनाव में सपा को जीत हासिल हुई। इस बीच पंचायत चुनाव में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जे की जंग रोचक हो गई है। काफी जद्दोजहद के बावजूद बसपा ने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा सबसे पहले कर दी।
पिछले कई दिनों से बसपा में जिपं सदस्य के टिकट को लेकर लंबी खींचतान व विरोधाभास की स्थिति बनी हुई है। कई सीटों पर मौजूदा सदस्यों का टिकट काटे जाने की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं में आक्रोश भी देखने को मिला। इन सबके बीच मुख्य सेक्टर प्रभारी पूर्व सांसद घनश्याम चंद्र खरवार व जिलाध्यक्ष अरविंद गौतम ने सोमवार को 21 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इसमें जिला पंचायत अध्यक्ष की प्रबल दावेदार पूर्व मंत्री लालजी वर्मा की पत्नी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शोभावती वर्मा को टांडा मध्य द्वितीय से टिकट दिया गया है।
जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकीं सुधा वर्मा को भीटी द्वितीय से, जबकि बसपा सरकार में ताकतवर मंत्री रहे स्व. रामलखन वर्मा की पत्नी फूला देवी को जलालपुर उत्तरी मध्य से टिकट दिया गया है। होटल व्यवसायी शोभाराम वर्मा की पत्नी नीलम वर्मा को जलालपुर उत्तरी सीट से टिकट दिया गया है। माना जा रहा है कि नीलम भी जीत के बाद अध्यक्ष पद के टिकट के लिए प्रबल दावेदार होंगी।
इन्हें भी मिला टिकट
बसपा ने भीटी तृतीय से सीता निषाद, भीटी चतुर्थ से रवींद्र निषाद, अकबरपुर द्वितीय से रामलौट राजभर, अकबरपुर तृतीय से विकास वर्मा, षष्ठम से रवींद्रनाथ उपाध्याय, जलालपुर पश्चिमी से रतिकला गौतम, जलालपुर पूर्वी से उर्मिला, भियांव उत्तरी से माखनलाल निषाद, जहांगीरगंज पूर्वी से हरिश्चंद्र गौतम, रामनगर मध्य से अजय तिवारी, रामनगर पश्चिमी से बाबूलाल यादव, बसखारी उत्तरी से मोहम्मद मक्की, बसखारी पश्चिमी से जयप्रकाश वर्मा, टांडा मध्य प्रथम से रीता देवी, कटेहरी प्रथम से दीपलता उर्फ डिंपल गौतम, कटेहरी चतुर्थ से रूबीना बानो तथा भीटी प्रथम से उर्मिला को समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है।
अनुशासनहीनता पर होगी कार्रवाई
बसपा ने जिन सीटों पर समर्थित प्रत्याशी की घोषणा की है सिर्फ वे ही पार्टी का झंडा व बैनर लगाने के अधिकृत हैं। यदि किसी अन्य व्यक्ति की ओर से बसपा के झंडा, बैनर व पोस्टर का प्रयोग किया जाता है तो उसके विरुद्घ अनुशासनहीनता के तहत कार्रवाई की जाएगी। समर्थित सभी प्रत्याशियों की जीत तय करने के लिए पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अपनी पूरी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा।
- घनश्याम चंद्र खरवार, मुख्य सेक्टर प्रभारी
इंसेट बसपा
टिकट घोषित होते ही बगावत शुरू
अंबेडकरनगर। बसपा की ओर से जिला पंचायत सदस्यों की सूची घोषित किए जाने के साथ ही बगावत के भी सुर उठने लगे हैं। बताया जाता है कि अकबरपुर से ब्लॉक प्रमुख रह चुकीं बसपा नेता शारदा राजभर इस बार अकबरपुर तृतीय से जिला पंचायत सदस्य का चुुनाव लड़ने की तैयारी में थीं। उनके द्वारा इसके लिए जरूरी तैयारियां भी की जा रही थीं। इस बीच पार्टी ने विकास उर्फ पप्पू वर्मा को टिकट थमा दिया। इससे आहत होकर शारदा ने टिकट न मिलने के बावजूद चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। शारदा ने कहा कि इस सीट पर मेरी दावेदार अत्यंत प्रबल थीं। इसे अनदेखा किया गया। ऐसे में अब मैं निर्दल प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ूंगी।