मालीपुर क्षेत्र में परुइया आश्रम निवासी मयाराम पुत्र मटरू स्थानीय दूरसंचार कार्यालय में चौकीदार के पद पर तैनात था। पड़ोसियों के अनुसार रविवार तड़के चार बजे मयाराम ने उन्हें जगाया और पेट में तेज दर्द होने की बात कही। उसे कुछ दवाएं दी गईं। वह पुन: कमरे में सोने चला गया।
दिन के करीब 11 बजे तक वह बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन वह खुला नहीं। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे एसओ ज्ञानेंद्र सिंह पड़ोसियों की मदद से किसी तरह दरवाजा खुलवाया तो अंदर बिस्तर पर मयाराम मृत मिला। एसओ के मुताबिक कोई सोसाइड नोट आदि नहीं मिला है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिवारीजनों ने भी कोई शिकायत नहीं की है। मयाराम का परिवार परुइया आश्रम गांव में रहता है। वह यहां अकेले रहता था। घटना की सूचना पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया।