भारतीय संचार निगम लिमिटेड का नेटवर्क फेल हो जाने की वजह से रविवार को पूरे दिन 3 लाख से अधिक दूरसंचार उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अकबरपुर व मालीपुर रेलवे स्टेशन पर पूरे दिन कम्प्यूट्रीकृत टिकट आरक्षण का कार्य ठप रहा तो वहीं रविवार के अवकाश के बावजूद कई सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ।
व्यापारिक लेनदेन के साथ ही कई अन्य आवश्यक कार्य भी नहीं हो पाए। नतीजतन लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। उपभोक्ताओं ने पिछले 72 घंटे में दूसरी बार उत्पन्न हुई इस स्थिति को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। उधर बीएसएनएल अफसरों के भी फोन नहीं मिले। गौरतलब है कि दो दिन पहले 16 जून को पूरे दिन भारतीय संचार निगम लिमिटेड का नेटवर्क फेल था।
इससे न सिर्फ रेल टिकट आरक्षण कार्य प्रभावित हुआ था बल्कि विभिन्न बैंकों में कार्य न होने से लगभग 10 करोड़ रुपये का लेनदेन भी नहीं हो सका था। बीएसएनएल सिमकार्ड धारकाें को भी विभिन्न मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। इस बीच रविवार को एक बार फिर से बीएसएनएल सेवा उपभोक्ताओं को जवाब दे गई। सुबह से ही नेटवर्क फेल हो गया।
नतीजा यह रहा कि अकबरपुर व मालीपुर रेलवे स्टेशन पर विभिन्न स्थानों के लिए टिकट आरक्षण के लिए लाइन में लगे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। दोनों स्थानों पर लगभग 500 लोग बिना आरक्षण कराए ही लौट गए। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर मिले राहुल ने बताया कि उन्हें दिल्ली का टिकट चाहिए था। नेटवर्क न होने के चलते आरक्षण नहीं हो सका।
मालीपुर रेलवे स्टेशन पर मुंबई के लिए टिकट आरक्षण कराने पहुंचे मालीपुर निवासी अमरेंद्र तिवारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अक्सर बीएसएनएल सेवा बाधित होती रहती है। इससे टिकट आरक्षण में बाधा उत्पन्न होती है। स्टेशन अधीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि सुबह आठ बजे से बीएसएनएल नेटवर्क ठप रहने से आरक्षण कार्य नहीं हो सका।
लगभग पूरे दिन नेटवर्क फेल होने से जिले के तीन लाख से अधिक उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ऐसे उपभोक्ताओं के मोबाइल सेट महज शोपीस बनकर रह गए। सबसे अधिक समस्या विभिन्न व्यवसाय से जुड़े लोगों को हुई। कारण यह कि ज्यादातर व्यवसाई बीएसएनएल सिम का ही प्रयोग करते हैं।
उधर रविवार के अवकाश के बावजूद कई सरकारी व गैरसरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ। लगभग पूरे दिन नेटवर्क आने का इंतजार कर्मचारी करते रहे। बीएसएनएल नेटवर्क ध्वस्त होने से एटीएम सेवा ने भी उपभोक्ताओं का साथ छोड़ दिया।
पहले से ही धनाभाव व विभिन्न प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी का दंश झेल रही एटीएम सेवा रविवार को बीएसएनएल सेवा ठप होने से पूरी तरह बेपटरी हो गई। ज्यादातर एटीएम बूथ के शटर ही नहीं खुल सके। इससे उपभोक्ताओं को एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ा। सहालग तेज होने के चलते उपभोक्ताओं को और भी मुश्किलें उठानी पड़ी।
अकबरपुर के शहाब परवेज व अनुराग श्रीवास्तव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक तो पहले से ही एटीएम सेवा का समुचित लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा था, उस पर अब बीएसएनएल सेवा ठप होने से एटीएम सेवा और भी बेपटरी हो गई। संबंधित अधिकारियों को उपभोक्ताओं के हित को देखते हुए इस तरफ ठोस कदम उठाने चाहिए।
बीते 72 घंटे में दूसरी बार बीएसएनएल नेटवर्क फेल हो गया। 16 जून शुक्रवार को भी सुबह से ही नेटवर्क फेल हो गया था। देर शाम नेटवर्क आ सका था। इससे बैंकों समेत अन्य सरकारी व गैरसरकारी कार्यालयों में कार्य पूरी तरह प्रभावित हुआ था। रेलवे आरक्षण का कार्य प्रभावित होने के साथ ही एटीएम सेवा का भी उपभोक्ताओं को समुचित लाभ नहीं मिल सका था।