बसखारी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र बसखारी के प्रतापपुर बेलवरिया में बुधवार रात आई बरात में दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। दूल्हे व बारातियों की पिटाई करने के साथ ही लगभग एक दर्जन चार पहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने दूल्हे के पिता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों व कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कटका थाना क्षेत्र के अहिरौली गोविंद साहब से बुधवार को बसखारी थाना क्षेत्र के प्रतातपुर बेलवरिया गांव में बरात गई थी।
वादी जयप्रकाश निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि रात 12 बजे करीब जब वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। उसी समय दबंगई करते हुए गांव के कुछ लोग आए और उनके पुत्र को गाली-गलौज देते हुए पीट दिया। विरोध करने पर और लोगों को भी मारा पीटा। तहरीर में कहा गया कि हमलावर लाठी डंडों से लैस होकर आए थे। उन्होंने बरात में आईं लगभग एक दर्जन कार, बस व जीप का शीशा व अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। हमलावर काफी देर तक वाहनों में तोड़फोड़ करते रहे। गाड़ियों को हद दर्जे तक क्षतिग्रस्त करने के बाद धमकी देते हुए वे सब वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर बेलवरिया निवासी दो सगे भाइयों अमरजीत यादव व इंद्रजीत यादव तथा अमरजीत के दो पुत्रों छोटू व सौरभ के अलावा कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर लिया। एसओ अश्विनी कुमार मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। (संवाद)