अंबेडकरनगर। पासपोर्ट के लिए रिपोर्ट लगाने के नाम पर आवेदक से रुपये मांगने के आरोप में एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने सम्मनपुर थाने के मुंशी बालगोविंद यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। पीड़ित ने रकम मांगने का वीडियो सोमवार को वायरल किया। इस बीच मामले की जांच सीओ भीटी को सौंप दी गई है।
सोमवार दोपहर बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वॉयरल हुआ, जिसमें सम्मनपुर थाने के एक पुलिसकर्मी से बातचीत होती दिख रही है। हालांकि, वीडियो में सिपाही दिखाई नहीं पड़ रहा, लेकिन उसकी आवाज साफ-साफ सुनी जा सकती है।। थाना परिसर के कार्यालय कक्ष में बने इस वीडियो में सिपाही कहा रहा है कि पासपोर्ट आवेदन के लिए आपके कागजात तो दुरुस्त हैं, लेकिन तब भी सामान्य रकम तो देनी ही होगी। बिना रकम दिए काम नहीं हो पाएगा।
वीडियो सामने आते ही एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्र ने संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वीडियो थाना परिसर में बना है। कार्रवाई करते हुए एसपी ने मुंशी बालगोविंद यादव को लाइन हाजिर कर दिया। देर शाम एसपी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सामने आए वीडियो के आधार पर तत्काल मुंशी को लाइन हाजिर किया गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच सीओ भीटी को सौंप दी गई है।