अंबेडकरनगर। देश में 6743 जातियों में बहुजन समाज को बांटा गया है। इन्हें जोड़ने का कार्य आजाद समाज पार्टी करेगी। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों व वंचितों को जोड़ने व उन्हें उनका हक दिलाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मंगलवार को जाति तोड़ो, समाज जोड़ो साइकिल यात्रा अभियान के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने ये बातें कहीं। उन्होंने बढ़ती महंगाई पर केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आमजन त्रस्त हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इससे पहले चंद्रशेखर के जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
जिला मुख्यालय पहुंचे आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद ने साइकिल यात्रा को अकबरपुर से टांडा के लिए रवाना किया। कलेक्ट्रेट के निकट स्थित बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों व वंचितों के हक की आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि देश में 6743 जातियां हैं। हमारा लक्ष्य सभी जातियों को जोड़ना है। इसके लिए प्रत्येक जनपद में जाति तोड़ो, समाज जोड़ो साइकिल यात्रा निकाली जा रही है। इसका परिणाम भी सामने आ रहा है।
चंद्रशेखर ने कहा कि बहुजन समाज के उत्थान के लिए कांशीराम ने जो कदम बढ़ाया था, उसे वे आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। बहुजन समाज को एकजुट करने व उन्हें मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। साइकिल यात्रा द्वारा नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जनजन को आजाद समाज पार्टी की नीतियों से अवगत कराया जाएगा। चंद्रशेखर ने लगातार बढ़ रही महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पेट्रो पदार्थों के दाम में लगातार हो रही वृद्धि से प्रतिदिन प्रयोग होने वाली सामग्रियों के दाम में भी वृद्धि हो रही है। जिम्मेदारों को इसकी कोई सुध नहीं है। आजाद समाज पार्टी आम नागरिकों की आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी।
इससे पहले चंद्रशेखर का जनपद सीमा से लेकर कलेक्ट्रेट तक जगह जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। जिलाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर, अब्बास गाजी, कमलेश भारती, सुनील, रमेश यादव, खालिद जमाल, डा. रामसकल निषाद, परशुराम वर्मा, नंदलाल भारती, अविनाश, सौरभ, धर्मेंद्र पासवान, आशीष, वंशराज, राजकुमार आदि मौजूद रहे। मालूम रहे कि जिले में आजाद समाज पार्टी द्वारा जाति तोड़ो, समाज जोड़ो साइकिल यात्रा चलाई जा रही है। अंतिम दौर में जिला मुख्यालय से टांडा तक की साइकिल यात्रा मंगलवार को निकली।