अंबेडकरनगर। जिला स्तरीय माध्यमिक विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को आयोजन हुआ। टांडा के कौमी इंटर कॉलेज मैदान में खेले जा रहे मुकाबले में टांडा जोन की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में अकबरपुर जोन को हरा दिया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में केवल अकबरपुर जोन की टीम ने भाग लिया, जिससे उसे प्रत्यक्ष रूप से मंडलीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया गया।
अंडर-17 बालक वर्ग का मुकाबला रहा एकतरफा
अंडर-17 बालक वर्ग का फाइनल मैच टांडा और अकबरपुर जोन के बीच खेला गया। टांडा ने जोरदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 6-0 से जीत हासिल की। टांडा की तरफ से कौमी इंटर कॉलेज के रेहान ने हैट्रिक तीन गोल दागे। आदर्श इंटर कॉलेज के जियान और कौमी इंटर कॉलेज के समीर व हम्माद ने एक-एक गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पूरे मैच में अकबरपुर की टीम संघर्ष करती नजर आई लेकिन कोई गोल नहीं कर सकी।
इसी प्रकार अंडर-19 बालक वर्ग का मुकाबला भी टांडा और अकबरपुर जोन के बीच हुआ। टांडा की टीम ने 3-0 से जीत दर्ज की। टांडा के मोहम्मद अयान ने तीनों गोल करते हुए हैट्रिक बनाई और टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। अकबरपुर के खिलाड़ी कई बार पलटवार की कोशिश करते रहे लेकिन सफल नहीं हो सके।
बालिका वर्ग में अकेली रही अकबरपुर
अंडर-19 बालिका वर्ग में सिर्फ अकबरपुर जोन की टीम ने प्रतिभाग किया, इसलिए उसे जनपद का प्रतिनिधित्व करने के लिए सीधे मंडलीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा। वहीं प्रतियोगिता के दौरान अंडर-14 बालक वर्ग के लिए टांडा और अकबरपुर जोन से खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी अब जनपदीय टीम की ओर से खेलेंगे। इसके पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के संरक्षक और पूर्व प्रबंधक उबैदुर रहमान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह, जिला क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह, सिराज फाजिल, अबुजर अंसारी, वीरेश कुमार, ओमवीर वर्मा, प्रबुद्ध सिंह, आनंद सिंह, जावेद अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।