आलापुर। अधिवक्ता और स्थानीय प्रशासन की रार के चलते सोमवार को तहसील में कोर्ट कार्य का संचालन नहीं हुआ। अधिवक्ता संघ उप निबंधक कार्यालय को तहसील में शिफ्ट किए जाने की मांग पर अड़ा है। संघ ने साफ तौर पर चेताया है कि निबंधन कार्यालय शिफ्ट हो जाने के बाद ही अधिवक्ता कोर्ट कार्य करेंगे। अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन पर मंडलायुक्त के निर्देशों का उल्लंघन किए जाने का भी आरोप लगाया।
बीते दिनों आलापुर तहसील के निरीक्षण पर आए मंडलायुक्त के समक्ष अधिवक्ताओं ने उप निबंधक कार्यालय को किराए के भवन से तहसील में शिफ्ट कराए जाने की मांग की थी। मंडलायुक्त ने इसे उचित मानते हुए तहसील प्रशासन को एक पखवाड़े के अंदर उप निबंधक कार्यालय तहसील में शिफ्ट कराने का निर्देश भी दिया था। लंबा समय बीत जाने के बावजूद उप निबंधक कार्यालय अभी तक तहसील में शिफ्ट नहीं हुआ है। इसे लेकर आक्रोशित अधिवक्ताओं ने सोमवार को अधिवक्ता संघ अध्यक्ष केजी मिश्रा की अगुवाई में ने तहसील प्रशासन के समक्ष पुन: निबंधन कार्यालय शिफ्ट कराने की मांग रखी।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ने कहा कि अगर प्रशासन अधिवक्ताओं की मांग को अनदेखी करता है तो अधिवक्ता संघ सड़क पर उतरने को बाध्य होगा। सब रजिस्टार अभिषेक सिह ने बताया कि तहसील प्रशासन द्वारा कमरे की साफ सफाई कराई जा रही है। बिजली से जुड़ा कार्य एक-दो दिन में पूरा हो जाएगा। इसके बाद अगले सोमवार तक कार्यालय को तहसील भवन में क्रियाशील बनाने का पूरा प्रयास होगा।