आलापुर। जहांगीरगंज निवासी कमलेश के 10 वर्षीय बेटे शिवम को बृहस्पतिवार रात सांप के काट लिया। वह एसडी मदर इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। शुक्रवार सुबह राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
कमलेश के मुताबिक, वह वर्तमान में तहसील के निकट अन्नापुर में मकान बनाकर रहते हैं। सिपाह रोड पर उनकी कबाड़ की दुकान है। बृहस्पतिवार रात शिवम घर में सो रहा था। इसी दौरान उसे सांप ने काट लिया। रात करीब 12 बजे उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। परिजन उसे बसखारी स्थित मौर्य हॉस्पिटल ले गए, वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर ले जाने की सलाह दी। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।
शिवम दो भाइयों में छोटा था। बड़े भाई सत्यम की उम्र 16 वर्ष है। बेटे की मौत से मां सोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विधायक त्रिभुवन दत्त, भाजपा जिला मंत्री अभिषेक निषाद, भगवान पांडेय, विनय पांडेय, दशरथ यादव और श्यामनाथ शुक्ला ने बालक के निधन पर शोक जताया।