अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में उपचार भर्ती सर्पदंश का शिकार बालिका।
- फोटो : अमर उजाला
सर्पदंश के चलते सोमवार को तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इसके अलावा चार अन्य लोगों का गंभीर दशा में जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार बेवाना थाना क्षेत्र के खंजहांपुर निवासी आकाश (3) पुत्र करताल सोमवार को घर में खेल रहा था। खेलते हुए उसने घर के एक कोने में स्थित बिल में अंगुली डाल दिया।
इसी बीच वहां मौजूद सांप ने डंस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिवारीजन आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, महरुआ थाना क्षेत्र के पक्खनपुर निवासिनी साधना (16) पुत्री मंशाराम रविवार देररात सर्पदंश का शिकार हो गई।
उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र के कटरिया निवासी मोहम्मद गुलजार (22) पुत्र आस मोहम्मद व सम्मनपुर थाना क्षेत्र के अमरतल गांव निवासी साधना (24) पत्नी दीपक सोमवार सुबह सर्पदंश का शिकार हो गई।
सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र के कोटवा निवासी प्रमोद (40) पुत्र रामचंद्र भी सर्पदंश का शिकार हो गए। उनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।