अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच शासन के निर्देश पर 15 जुलाई से जिले में निशुल्क बूस्टर डोज लगाई जाएगी। जिला अस्पताल समेत कुल 10 स्थानों पर बूस्टर डोज लगाई जाएगी। इसमें 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगोें को बूस्टर डोज दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्देश जारी कर चिह्नित सीएचसी व पीएचसी प्रभारियों को सुचारु टीकाकरण कराने को कहा गया है।
शासन के निर्देश पर जिले में फिर कोरोना से बचाव के लिए नागरिकों को निशुल्क बूस्टर डोज लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला अस्पताल के अलावा अकबरपुर सीएचसी, भीटी सीएचसी, बसखारी, भियांव, जहांगीरगंज, जलालपुर, कटेहरी, रामनगर व टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 10 बजे से बूस्टर डोज लगाई जाएगी।
इसमें 18 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के नागरिकों को बूस्टर डोज लगाई जाएगी। सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि निशुल्क बूस्टर डोज लगाने की प्रक्रिया 75 दिनों तक चलेगी। ऐसे में सभी पात्र इस टीकाकरण का लाभ उठा सकते हैं। टीकाकरण प्रभारी डॉ. रामानंद सिद्धार्थ ने बताया कि जिन लोगोें को दूसरी डोज लगवाए छह माह बीत चुके हैं, उन्हें ही बूस्टर डोज दी जाएगी।
पर्याप्त मात्रा में डोज उपलब्ध नहीं
शासन के निर्देश पर 15 जुलाई से जिले में बूस्टर डोज लगाने का अभियान शुरू होगा। हालांकि जिले में इसकी कुल 10 हजार 540 डोज ही उपलब्ध हैं। इसके चलते ही स्वास्थ्य विभाग सिर्फ 10 स्थानों पर टीकाकरण शिविर लगाएगा। विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में डोज न होने के चलते ही सीमित स्थान पर शिविर लगेगा। इससे भीड़ का सामना भी करना पड़ सकता है।
34 हजार लोगों को लग चुकी बूस्टर डोज
फ्रंटलाइन वर्कर, हेल्थ वर्कर व बुजुर्गों को बूस्टर डोज लगाने का कार्य जारी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक 34 हजार से अधिक फ्रंटलाइन वर्करों व बुजुर्गों को डोज दी जा चुकी है। अस्पताल में अब भी ऐसे लोगों का निशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।