अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज परिसर में चल रहे पुस्तक मेले में दिन प्रतिदिन पुस्तक प्रेमियों की बढ़ रही है। न सिर्फ जिला मुख्यालय बल्कि जिले के अन्य क्षेत्रों से भी लोग व छात्र-छात्राएं पुस्तक मेले में पहुंचकर मनपसंद पुस्तकों की बढ़ चढ़कर खरीददारी कर रहे हैं। युवाओं की पहली पसंद जहां प्रतियोगी पुस्तकें हैं, वहीं अन्य लोगों द्वारा उपन्यास व महापुरुषों के जीवन से संबंधित पुस्तकों की खरीददारी की जा रही है। मेले की बीते दिनों अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज परिसर में राजकमल प्रकाशन के तत्वावधान में पुस्तक मेले का भव्य शुभारंभ किया गया था।
डीआईओएस विनोद सिंह के संयोजन में शुरू हुए सात दिवसीय मेले में पहले ही दिन से पुस्तक प्रेमियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। यह दौर बुधवार को भी जारी रहा। न सिर्फ जिला मुख्यालय बल्कि जिले के अन्य क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व अन्य लोगों ने मेले में पहुंचकर अपनी मनपसंद पुस्तकों की खरीददारी की। अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित मेहदी एजुकेशनल एकेडमी, सेंट जेवियर्स, अकबरपुर पब्लिक स्कूल, जीएसएस साइंस एकेडमी समेत अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मेले में पहुंचकर न सिर्फ प्रतियोगी, बल्कि महापुरुषों के जीवन से संबंधित पुस्तकों की खरीददारी की।
इंटर की छात्रा पूजा व वर्षा ने कहा कि जिन पुस्तकों के लिए उन्हें इधर उधर की दौड़ लगानी पड़ती थी, वह पुस्तक मेले में आसानी से उपलब्ध हो गई। सेवानिवृत्त शिक्षक रामलाल यादव ने कहा कि इस प्रकार के मेले का आयोजन समय समय पर होते रहना चाहिए। इसका व्यापक लाभ युवाओं को उठाना चाहिए। उधर, सहसंयोजक प्रधानाचार्य बिपिन सिंह ने बताया कि जिस प्रकार से मेले में युवाओं की बड़ी भागीदारी हो रही है, उससे उन सभी का हौसला बढ़ रहा है। यह आने वाले समय के लिए एक अच्छा संकेत है। कहा कि लोगों की भीड़ को देखते हुए कुछ पुस्तकों के स्टाल बढ़ाए गए हैं। इसमें नीट समेत अन्य विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं की पुस्तकें शामिल हैं।