सुल्तानपुर। दक्खिनगांव के निकट मंगलवार रात नहर में गिरी अनियंत्रित कार के साथ डूबे अयोध्या जिले के धमथुआ पूरे माटी, कुमारगंज निवासी पप्पू यादव (40) का शव बृहस्पतिवार को मिल गया।
एसडीआरएफ की टीम व गोताखोरों की कड़ी मशक्कत से पूरे छेदी सिंह, मजरे हैधनाकला के पुल के पास से शव को बाहर निकाला गया। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। बल्दीराय थाने के प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि सिंह ने बताया कि अयोध्या जिले के नीखी उपाध्याय मजरे बराहिनपुर निवासी संतोष उर्फ बिल्लू, धमथुआ पूरे माटी कुमारगंज, अयोध्या निवासी संतोष उर्फ लालू व पप्पू और सुल्तानपुर के बल्दीराय दक्खिनगांव निवासी मित्रसेन यादव मंगलवार रात दक्खिनगांव में भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के बाद कार से निकले थे। दक्खिनगांव से कुछ दूरी पर नहर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी थी। दुर्घटना में कार पर सवार सभी लोग डूब गए थे।
रात में ग्रामीणों ने संतोष उर्फ लालू, संतोष उर्फ बिल्लू व मित्रसेन को किसी तरह कार से बाहर निकाल लिया थी। इसमें मित्रसेन की मौत हो गई थी। पप्पू यादव की तलाश के लिए नहर में एसडीएआरएफ की टीम व गोताखोरों को लगाया गया था। गोताखोरों ने बुधवार दिन भर तलाश की लेकिन पप्पू का पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार भोर में पूरे छेदी सिंह मजरे हैधनाकला के पुल के पास शव मिला। परिजनों ने शव की पहचान पप्पू यादव के रूप में की है। घटनास्थल से मृतक का शव करीब सात किमी दूरी पर मिला है।