अंबेडकरनगर। जिले में माध्यमिक शिक्षा को सुलभ और किफायती बनाने के उद्देश्य से पुस्तक जागरूकता व सुलभता शिविर (पुस्तक मेला) का आयोजन किया जाएगा। यह मेला यूपी बोर्ड की ओर से कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें उन्हें अधिकृत और निर्धारित मूल्य पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार मेला का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रमाणित पुस्तकों के प्रति जागरूक करना है। अक्सर देखा जाता है कि बाजार में महंगी और गैर-मान्यता प्राप्त किताबें भी बेची जाती हैं। इससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। ऐसे में यह मेला सही पुस्तकों की पहचान और उचित मूल्य पर उपलब्ध करने में मदद करेगा। पुस्तक जागरूकता एवं सुलभता शिविर (पुस्तक मेला) का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज याकूबपुर कटरिया अकबरपुर के परिसर में 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि परिषद ने कक्षा नौ से 12 तक के लिए कुल 36 आधारित विषयों व 12 मौलिक विषयों की पाठ्यपुस्तकें अत्यंत सस्ती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इन पुस्तकों के मुद्रण व वितरण के लिए तीन अधिकृत विक्रेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनके माध्यम से छात्र-छात्राओं को किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। बताया कि मेले में संबंधित प्रकाशकों व विक्रेताओं की ओर से सीधे पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे छात्रों को बाजार में इधर-उधर दौड़ना न पड़े। सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को इस आयोजन की जानकारी दें और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित कराएं।