जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज सीएचसी में पैथोलॉजी व एक्स-रे जांच बदहाली की अमर उजाला में छपी खबर ने अपना असर दिखाया है। इससे हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने छह माह से खराब पड़ी एक्स-रे व खून की जांच मशीन को दुरुस्त करा दिया। सीएचसी पहुंचे मरीजों को इन सुविधाओं का लाभ मिला तो उन्होंने राहत की सांस ली।
अमर उजाला की खबर ने फिर सीधे तौर पर 30 हजार से अधिक आबादी के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। मामला जहांगीरगंज सीएचसी से जुड़ा है। इस अस्पताल से दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को बेहतर उपचार की उम्मीद जुड़ी है। मरीजों को निशुल्क एक्स-रे व पैथोलॉजी जांच की सेवा जहांगीरगंज सीएचसी पर भी दी गई। पिछले करीब छह माह से यह दोनों सेवाएं तकनीकी दिक्कत के चलते बंद चल रही थीं। इससे यहां बेहतर उपचार की उम्मीद में पहुंचने वाले मरीजों को मायूस होना पड़ रहा था।
आम जनता की इस समस्या को अमर उजाला ने बीती 23 मई 28 मई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इससे हरकत में आए स्वास्थ्य महकमे ने जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी थी। शनिवार सुबह से एक्स-रे के साथ ही पैथालॉजी जांच की सुविधा शुरू हो गई। हिच्छनापुर निवासी रविंद्र चौहान व हरिहरपुर निवासी विनोद पांडेय आदि ने अमर उजाला के प्रति आभार प्रकट किया। कहा कि इस सार्थक प्रयास से ही छह माह से बंद चल रही सेवा शुरू हो सकी है। सीएचसी प्रभारी डॉ. उदयचंद्र यादव ने बताया कि एक्स-रे व पैथोलॉजी दोनों जांच शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही व्यवस्था में और सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।