आलापुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के टड़वा जलाल ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान प्रमोद कुमार पांडेय का एसआईआर फॉर्म बीएलओ राजेश तिवारी ने लेने से इन्कार कर दिया है।
पूर्व प्रधान ने बताया कि हर बार चुनाव से पहले उनके खिलाफ आपत्तियां खड़ी करना कुछ लोगों की आदत बन गई है। उन्होंने इसे सोची-समझी राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोग बीएलओ पर दबाव बनाकर उन्हें चुनावी मैदान से बाहर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में उनके घर को एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान गिरा दिया गया था, जिसके बाद से वे गांव में ही किराये के मकान में रह रहे हैं। बिजली बिल, राशन कार्ड, आधार, पुराने मतदाता सूची सहित सभी दस्तावेज उनके स्थायी निवासी होने का स्पष्ट प्रमाण हैं। वर्ष 2015 में भी इसी तरह की अवैध कार्यवाही के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
हाईकोर्ट लखनऊ खंडपीठ ने उनकी अपील पर उन्हें ग्राम निवासी मानते हुए उनका नाम दर्ज करने का आदेश भी दिया था। उन्होंने बीएलओ पर पक्षपात, मनमानी और राजनीतिक निर्देशों पर काम करने के आरोप लगाए। एसडीएम सुभाष सिंह ने कहा कि तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है, जो दस्तावेजों की जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपेगी।