अंबेडकरनगर। केंद्र सरकार के सात वर्ष पूरे होने पर शनिवार को जिले में आयोजित शिविरों में पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। कहा गया कि कोरोना संकट में किसी की जान बचाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है।
प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार के सात वर्ष पूरे होने के मौके पर राष्ट्रीय आह्वान पर जिले में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज से लेकर जिले के अन्य सीएचसी पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर रक्तदान में भागीदारी की।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि पार्टी का प्रयास है कि रक्त की कमी से किसी को भी जान न गंवानी पड़े। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विकास मोदनवाल के नेतृत्व में जिला अस्पताल में प्रवीण दुबे, बलदेव सिंह, शैलेंद्र कुमार, संजय, अमन, अंकुर ने रक्तदान किया।
महिला अस्पताल जलालपुर में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न सोनी के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रकाश यादव ने कहा कि कोरोना संकट के बीच किसी की जान बचाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। इस बीच एक कार्यकर्ता ने रक्तदान किया।
उधर, सेवा ही संगठन अभियान के तहत रामनगर में चौक स्थित निजी चिकित्सालय में भाजपा जिलाध्यक्ष ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। कैंप में अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिषेक कनौजिया ने रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। इसके अलावा कई अन्य कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने रक्तदान किया।