महरूआ थानाक्षेत्र में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर मौजूद पुलिस।
महरुआ (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के महरुआ बाजार के निकट मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार कार व बाइक की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि कार व बाइक को अभिरक्षा में लेकर थाने चली गई।
थाना क्षेत्र के दारीडीहा गांव निवासी संतोष सिंह (35) मंगलवार दोपहर नई बाइक से महरुआ की तरफ जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह आरामशीन चौराहा के निकट पहुंचा तो सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। संतोष ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। इससे सिर में गंभीर चोटें आने से वह बेहोश हो गया। इससे पहले कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचते चालक कार छोड़कर भाग खड़ा हुआ। गंभीर हालत में महरुआ स्थित निजी अस्पताल में संतोष को ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि कार व बाइक को अभिरक्षा में लिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।