अंबेडकरनगर। डॉ. शिव सहाय सिंह गुरुकुल इंटरनेशनल एकेडमी में शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों ने हारमोनियम व गिटार आदि का वादन कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए मनोबल बढ़ाया।
मुख्य अतिथि अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें संगीत आदि से भी जोड़ने की जरूरत है। इससे उनके अंदर अलग प्रतिभा का विकास होता है। कहा कि शिक्षा ऐसा माध्यम है जिसके बल पर आप बड़े से बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी को पॉलिथीन का प्रयोग न करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में बच्चों ने तबला, गिटार, हारमोनियम, ड्रम आदि उपकरणों का वादन कर सभी का ध्यान आकृष्ट कराया। छात्र-छात्राओं ने आकर्षक नृत्य से सभी का मन मोह लिया। भ्रूण हत्या व दहेज आदि मुद्दों पर नाटक के जरिए समाज को जागरूक किया। इससे पहले डॉ. उदय प्रताप एवं धीरेंद्र प्रताप ने मुख्य अतिथि को शाल व प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया।
प्रधानाचार्य डॉ. अवधेश वर्मा ने सभी का आभार प्रकट किया। संयोजिका निधि सिंह ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। संचालन काजल यादव एवं हर्षिता वर्मा ने किया। इस मौके पर विकास पाठक, दीपशिखा, शैलेश, घनश्याम, कुलदीप, एमपी सिंह, आरपी सिंह, अजय नीरज, वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।