थाना क्षेत्र भीटी के बहोरिकपुर में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष व एक युवक की हत्या की गाज भीटी थाना प्रभारी पर गिरी है। एसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। अभी नए एसओ की तैनाती वहां नहीं की गई है।
गौरतलब है कि भीटी थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया था जिसमें बम के हमले से प्रवेश पांडेय की मौत हो गई थी व कई घायल हुए थे। घटना की छानबीन में यह तथ्य सामने आया था कि पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच इस तरह की घटना हो चुकी थी।
लोगों का कहना था कि यदि पुलिस ने पहले ही कार्रवाई की होती तो घटना से बचा जा सकता था। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध केस दर्ज कर कुल 12 लोगों को गिरफ्तार भी किया था। इस बीच मामले में एसपी एके सिंह ने एसओ भीटी सोमेश्वर सिंह की लापरवाही मानते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। भीटी में अभी नए एसओ की तैनाती नहीं हुई है।