बीएन केबी पीजी कॉलेज अकबरपुर।-संवाद
अंबेडकरनगर। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा आज 24 केंद्रों पर होगी। इस परीक्षा में कुल 10,902 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में गलत उत्तरों के लिए नकारात्मक अंकन (निगेटिव मार्किंग) लागू रहेगा।
यह प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दो घंटे पहले से ही प्रवेश दिया जाएगा। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थियों से प्रवेश पत्र की एक फोटोयुक्त प्रति जमा कराएंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके साथ ही, परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में फोटो कॉपी की दुकानें बंद रहेंगी।
जिले में बीएन केबी पीजी कॉलेज, बीएन इंटर कॉलेज, जीके जेटली इंटर कॉलेज और रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय सहित कुल 24 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा और वॉइस रिकॉर्डर लगाए गए हैं। परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष ध्यान रखा गया है। बिजली, पेयजल, शौचालय और रैंप जैसी आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। जिला समन्वयक डॉ. सुचिता पांडेय ने बताया कि कंट्रोल रूम बीएन केबी पीजी कॉलेज को बनाया गया है। यहां से सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी। विश्वविद्यालय की गाइडलाइन के अनुरूप ही पूरी परीक्षा प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
निगेटिव मार्किंग रहेगी लागू
पहली पाली की परीक्षा में सामान्य ज्ञान और भाषा से संबंधित 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरी पाली में सामान्य योग्यता (जनरल एप्टीट्यूड) और विषय (कला, विज्ञान, वाणिज्य या कृषि) से जुड़े 100 प्रश्न होंगे। बीएड प्रवेश परीक्षा की नोडल प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा। गलत उत्तर देने पर एक तिहाई अंक काट लिए जाएंगे। यह प्रवेश परीक्षा राज्यभर के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी कॉलेजों में प्रवेश के लिए है। इसके माध्यम से दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में दाखिला मिलेगा।