बसखारी। पुलिस टीम ने ब्यूटी पार्लर संचालिका हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अकबरपुर स्थित कृष्णानगर कॉलोनी निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि बीती 23 अप्रैल को सुबह फोन से थाना बसखारी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि बीबीपुर नहर में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर अज्ञात महिला के शव को कब्जे में लिया। महिला की पहचान बाद में ज्योति मोदनवाल (25) पत्नी विवेक मोदनवाल निवासी रामपुर सकरवारी, थाना बेवाना जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई।
छानबीन में पता चला कि ज्योति रामपुर सकरवारी में ब्यूटी पॉर्लर का संचालन करती थी। उसके पति विवेक निवासी रामपुर सकरवारी थाना बेवाना की तहरीर पर थाना बसखारी में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर हत्या की घटना के तत्काल अनावरण के प्रयास किये जा रहे थे। विवेचना के दौरान आसपास की सीसीटीवी फुटेज व कॉल डिटेल की मदद से अकबरपुर निवासी अर्जुन कुमार गौड़ का नाम प्रकाश में आया। आरोपी को 26 अप्रैल की सुबह साढ़े 5 बजे बसखारी पुलिस टीम ने मसड़ा बाजार मछली मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी अर्जुन ने बताया कि वह मछली खरीदने व बेचने का काम करता है। ज्योति से उसकी पहले से जान पहचान थी। दोनों की मोबाइल पर बातचीत होती थी। हत्या वाले दिन अर्जुन ने ज्योति को मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद अपनी बाइक पर बैठाकर घुमाता रहा और शाम को लगभग 7-8 बजे बीबीपुर रूद्रपुर भगाही जाने वाली नहर पटरी के पास बाइक रोक दी। इसके बाद ज्योति से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। ज्योति ने विरोध किया तो उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस बीच आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा व राडॅ, मोबाइल फोन, बाइक आदि बरामद कर ली है।