अंबेडकरनगर। खतौनी में बाग दर्ज होने के बावजूद उस पर जबरन रास्ता निकलने को लेकर हुए विवाद में दो लोगों की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी गई। घटना अकबरपुर कोतवाली के कदनापुर गांव की है। गांव निवासी रामपूजन उपाध्याय ने बताया कि 26 दिसंबर की सुबह 11 बजे का समय था। उनके घर से कुछ दूरी पर स्थित उनके बाग के बीच से अजय कुमार, मोतीलाल, धर्मेंद्र कुमार, लोचन, अनिल कुमार समेत कुछ अज्ञात लोग फावड़े से मिट्टी की खोदाई कर रास्ता तैयार करने में जुटे थे। इसका पता चलने पर वहां पहुंचकर उन्होंने विरोध किया। इस पर विपक्षी लाठी-डंडा व फावड़ा लेकर उनके ऊपर हमलावर हो गए। हल्ला गुहार मचाने पर वहां पहुंचे उनके पट्टीदारों को भी पिटाई कर दी। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।