अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में भर्ती मारपीट में घायल वृद्ध।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र जैतपुर अंतर्गत जफ्फरपुर गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर बुधवार देर शाम एकजुट हुए लोगों ने एक वृद्ध की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। उन्हें बचाने पहुंचे एक अन्य वृद्ध को भी पीट दिया। इससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। बाद में पीड़ितों ने थाने में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। जफ्फरपुर गांव निवासी रामभरत (63) पुत्र राममगन बुधवार रात लगभग साढ़े 11 बजे गांव के ही बलेही (61) पुत्र हेमराज के साथ एक आयोजन में भाग लेकर पैदल ही घर लौट रहे थे।
जब दोनों गांव के निकट पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद लाठी-डंडों से लैस कुछ लोगों ने रामभरत की पिटाई शुरू कर दी। उन्हें बचाने के लिए दौड़े बलेही की भी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
बाद में पीड़ितों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस को दी गई तहरीर के जरिये रमभरत ने कहा है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उनसे बीते दिनों 70 हजार रुपये लिया था।
बुधवार सुबह उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो वह उनसे अभद्रता करने लगा। साथ ही पैसा न देने की बात कही। इसी बात को लेकर एकजुट लोगों ने पिटाई कर दी। एसओ ने बताया कि घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।