दो बाइकों पर सवार होकर छह दबंगों ने बीच राह बस रोक कर वारदात की। दोनों बसे बुधवार सुबह यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। घटना को लेकर निजी बसों के मालिकों में आक्रोश फैल गया। पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी है, लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दी है।
पुलिस के मुताबिक मौके से रिवाल्वर का एक खोखा बरामद हुआ है। बुधवार सुबह प्रतिदिन की तरह यात्रियों को लेकर जहांगीरगंज से निजी बस लखनऊ जा रही थी। जब वह अकबरपुर फैजाबाद मार्ग स्थित तिवारीपुर गांव के पास पहुंची तो वहां पहले से ही दो बाइक पर सवार छह दबंगों ने बस को रोक लिया।
जैसे ही बस रुकी, युवकों ने अंदर घुसकर डंडों से परिचालक की पिटाई शुरू कर दी। चालक ने जब इसका विरोध किया तो उसको भी पीटने लगे। इसी बीच जलालपुर से भी एक निजी बस यात्रियों को लेकर वहां पहुंच गई। दबंगोें ने उसे भी रोक लिया। बस में घुसकर चालक-परिचालक को पीट दिया।
इसी बीच किसी ने दो-तीन चक्र हवाई फायरिंग कर दी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। कई यात्री तो सीट के नीचे दुबक गए। फायरिंग के बाद दबंगों ने बसों के चालकों व परिचालकों को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
दबंगों की करतूत देख सहमे ग्रामीण
बीच सड़क पर दबंगई देख आसपास मौजूद ग्रामीण पास आने की हिम्मत नहीं जुटा सके। दबंगों के हाथों में डंडे और असलहे देख ग्रामीण पीछे हट गए। दबंगोें के जाने के बाद ग्रामीणों और दोनों बस के यात्रियों ने राहत की सांस ली। चालकों ने अपने मालिकों को घटना की जानकारी दी और इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
एसओ अहिरौली राजेश यादव ने बताया कि जानकारी होने पर वे पुलिस बल के साथ मौके पर गए थे लेकिन तब तक दोनों बसें वहां से जा चुकी थीं। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से रिवाल्वर का एक खोखा मिला है।