बैंक प्रशासन सिर्फ दूरसंचार विभाग के अधिकारियों पर जिम्मेदारी थोप कर अपना पल्ला छुड़ा रहा है जिसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। न तो धननिकासी हो पा रही है और न ही जमा। उपभोक्ताओं ने नेटवर्क की समस्या दूर होने तक वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग उठाई है।
गौरतलब है कि कटेहरी बाजार स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में चार दिनों से कार्य लगभग ठप है। कारण यह कि बैंक शाखा में लगे कंप्यूटर में नेटवर्क नहीं आ पा रहा है। नेटवर्किंग समस्या उत्पन्न हो जाने के चलते लेन-देन समेत अन्य कार्य प्रभावित हैं। चार दिन से बैंक प्रबंधन यही कह रहा है कि नेटवर्क खराब होने के चलते कार्य ठप है।
इसकी सूचना दूरसंचार विभाग को देने के साथ ही उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है। खराबी दूर करने का प्रयास चल रहा है। उपभोक्ता प्रतिदिन आस लिए बैंक शाखा पहुंचते हैं तो उन्हें मायूसी ही हाथ लगती है। शनिवार को भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता शाखा पर पहुंचे तो बाहर ही उन्हें नेटवर्क खराब होने का बोर्ड लगा मिला।
इससे उपभोक्ताओं को फिर निराश होकर लौटना पड़ा। उपभोक्ता राजेंद्र पांडेय, राजेश तिवारी व विवेक यादव आदि ने बैंक प्रबंधन से वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है। उधर शाखा प्रबंधक केपी सिंह ने बताया कि गड़बड़ी दूर कराने के प्रयास चल रहे हैं।